गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। Fatima Hospital द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, मरीजों और उनके परिजनों ने भाग लिया।
चरगांवा स्थित फातिमा हॉस्पिटल परिसर में सुबह करीब 8:30 बजे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श भी दिया गया। शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी जांच और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ Dr. Nikita Gupta ने महिलाओं के स्वास्थ्य, विशेषकर हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, संतुलित आहार और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे फातिमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ऑडिटोरियम में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि Dr. Nidhi Lal, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, बॉटनी विभाग, सेंट एंड्रयूज़ कॉलेज गोरखपुर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में Richa Jaiswal, अध्यक्ष जेसीआई स्वराज गोरखपुर उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट Aishwarya Pandey ने महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य और मनोवैज्ञानिक संतुलन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और तनाव प्रबंधन के उपाय बताए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फातिमा हॉस्पिटल के निदेशक Fr. Dr. Santosh Sebastian ने कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की मजबूत आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और शिक्षित महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव रखती है।
कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई और नर्सिंग छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। साथ ही फातिमा हॉस्पिटल की महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश लेकर आया।

