April 16, 2026 11:54 am

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चरगांवा में स्वास्थ्य जागरूकता का बड़ा अभियान

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चरगांवा में चला जागरूकता अभियान, आंगनवाड़ी कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
गोरखपुर (चरगांवा)।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विकास खंड चरगांवा में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत एक व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जमीनी स्तर पर कार्य कर रही आंगनवाड़ी कर्मियों को प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र” के संकल्प के साथ यह अभियान क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता का एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा डॉ. वी. के. चौधरी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर शिवपूजन वर्मा, आउटरीच कॉर्डिनेटर मिथलेश और रंजन कुमार सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी. के. चौधरी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि “दस्तक अभियान” के तहत घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार की जानकारी देना बेहद जरूरी है, जिससे गंभीर बीमारियों को समय रहते रोका जा सके।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्हें संचारी रोगों की पहचान, प्राथमिक उपचार, साफ-सफाई के महत्व और समुदाय को जागरूक करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि आंगनवाड़ी कर्मी गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से ही अभियान को सफलता मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता, संतुलित

आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और समय-समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें निरंतर चलाकर समाज में स्थायी बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर “स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र” के संकल्प को दोहराया और आमजन से अपील की कि वे स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

Leave a Comment