चरगांवा, गोरखपुर |
गोरखपुर के चरगांवा क्षेत्र में सोमवार को जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चरगांवा स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में विद्यालय आधारित डिप्थीरिया एवं टिटनेस (डीटी) टीकाकरण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० ए० के० चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर डॉ० ए० के० चौधरी ने कहा कि बच्चों को समय पर टीकाकरण देना बेहद आवश्यक है, क्योंकि डिप्थीरिया और टिटनेस जैसी गंभीर बीमारियां जानलेवा साबित हो सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि यह अभियान सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसके तहत विद्यालयों में जाकर बच्चों को सुरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से न केवल बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि समाज में संक्रामक रोगों के प्रसार को भी रोका जा सकता है।

इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ० वी० के० चौधरी, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ० विनय शंकर, डिप्टी डीएचआईओ सुनीता पटेल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य दीनदयाल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय प्रशासन हमेशा बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देता है।

शिविर में एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने बच्चों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया और प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित किया।

यह शिविर न केवल बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक सकारात्मक पहल है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।

