June 19, 2026 1:42 pm

असम के जोरहाट में IAF का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त, 5 वायुसेना कर्मियों की मौत, जांच के आदेश

लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा, विमान में लगी भीषण आग, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश जारी

जोरहाट/असम। भारतीय वायु सेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब विमान नियमित मिशन पूरा कर एयरबेस पर लैंडिंग कर रहा था। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

भारतीय वायु सेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में पांच वायुसेना कर्मियों की मौत हो गई, जबकि सह-पायलट घायल हो गए हैं। घायल अधिकारी का उपचार सैन्य अस्पताल में चल रहा है।

मृतकों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं।

घटना के बाद एयर फोर्स स्टेशन पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

AN-32 भारतीय वायु सेना का महत्वपूर्ण परिवहन विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों और राहत सामग्री को दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। पूर्वोत्तर भारत और पर्वतीय इलाकों में यह विमान लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच टीम तकनीकी पहलुओं, उड़ान रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच करेगी, जिसके बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस दुखद घटना के बाद देशभर में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने शहीद वायुसेना कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Leave a Comment