April 20, 2026 6:14 pm

गोरखपुर में डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव की 7वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा सम्पन्न, बड़ी संख्या में लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

“समाज सेवा और छात्र राजनीति के अग्रदूत को गोरखपुर ने किया नमन”

अरविन्द श्रीवास्तव (गोरखपुर) – पूर्वांचल की छात्र राजनीति के प्रवर्तक, गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष, समर्पित समाजसेवी, मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं प्रख्यात राजनेता डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव की सातवीं पुण्यतिथि पर सोमवार को शहर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सिविल लाइन स्थित डीएम बंगले के निकट वैष्णवी लान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं उनके समर्थकों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 1:30 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धांजलि सभा के साथ भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही की कोई किसी भी धर्म, जाति या राजनैतिक पार्टी का रहा हो लेकिन सभी ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने अपने अशोक भैया को नम आँखों के साथ पुराने समय में उनके साथ बिताए कुछ खास लम्हों को याद किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, जनहित और युवाओं के मार्गदर्शन में समर्पित कर दिया। पूर्वांचल की छात्र राजनीति को नई दिशा देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा, जहां भजन-कीर्तन के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

यह आयोजन अशोका फाउंडेशन एवं डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव फैंस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की जानकारी फाउंडेशन के सचिव इंजीनियर रंजीत कुमार श्रीवास्तव एवं इंजीनियर अनुभव श्रीवास्तव द्वारा दी गई।

Leave a Comment