March 11, 2026 6:07 pm

तीन महापुरुषों को नमन: भारतरत्न अटल, महामना मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जन्म जयंती

अरविंद श्रीवास्तव, लखनऊ ; आज का दिन धार्मिक और राष्ट्रीय दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। जहां एक ओर ईसाई समाज आज अपने मसीहा प्रभु यीशु मसीह को स्मरण कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भारतवासी तीन महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों—भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी—को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक एवं प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की कविताओं और रचनाओं को अपने स्वर में प्रस्तुत कर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी जी को स्मरण करते हुए उनकी चर्चित भविष्यवाणी का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने कहा था—
अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा,”
जो आज के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में प्रासंगिक प्रतीत होती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है।
उन्होंने अटल जी को सुशासन, संवाद और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला नेता बताया।

कार्यक्रम के माध्यम से न केवल अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि दी गई, बल्कि महामना मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी के योगदान को भी स्मरण कर उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment