वर्षों से बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगल धूसर, सीएमओ ने भेजा जीर्णोद्धार प्रस्ताव
ओ. पी. श्रीवास्तव , गोरखपुर।
मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के चरगांवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगल धूसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बदहाल स्थिति में विकास की बाट जोह रहा है। स्वास्थ्य केंद्र भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है और परिसर झाड़ियों से पट गया है। बरसात के मौसम में भवन की छत से पानी टपकता है, जबकि परिसर का लेवल सड़क से काफी नीचे होने के कारण बारिश का पानी महीनों तक जमा रहता है।

जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं के बीच प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों की ओपीडी संचालित करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद प्रतिदिन लगभग सौ से अधिक मरीज इलाज के लिए इस स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचते हैं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगल धूसर पर ग्राम पंचायत जंगल धूसर के 22 टोले, जंगल तिकोनिया नंबर-01 एवं 02, नवगठित नगर निगम वार्ड शिवपुर, पादरी बाजार कस्बा, मोहम्मद नगर, लतीफ नगर, हनुमंत नगर, बैंक कॉलोनी, पवनपुरम समेत आसपास के कई क्षेत्रों की बड़ी आबादी निर्भर है।

स्वास्थ्य केंद्र में टूटी खिड़कियां और दरवाजे, शौचालय के टैंक के ऊपर टूटा स्लैब, परिसर में फैली झाड़ियां और जाम नालियां जलजनित संक्रामक बीमारियों के खतरे को बढ़ा रही हैं। वहीं स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाली सड़क भी गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगल धूसर के जीर्णोद्धार को प्राथमिकता पर रखते हुए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर का लेवल बढ़ाने, मिट्टी पटान कराने, खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, शौचालय टैंक के स्लैब निर्माण तथा पूरे भवन के मरम्मत कार्य के लिए विभागीय अवर अभियंता से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से बदहाल पड़े इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर जल्द बदलेगी और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।




