July 30, 2026 12:07 am

15 महीने में बनकर तैयार होगी गोलघर की स्मार्ट सड़क

गणेश चौराहा से हरिओम तिराहा तक बनेगी स्मार्ट रोड,

गोरखपुर  | अरविन्द श्रीवास्तव
गोरखपुर तेजी से आधुनिक शहर की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, ट्रैफिक और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासन ने कई बड़ी परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल गणेश चौराहा से यूनिवर्सिटी चौराहा और अलंकार ज्वेलर्स से डीएम आवास होते हुए हरिओम तिराहा तक की सड़क को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।

करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को अगले 15 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया तेज कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

करीब 1640 मीटर लंबी इस स्मार्ट सड़क परियोजना के तहत आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सड़क के दोनों किनारों पर बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, आकर्षक स्ट्रीट लाइट, आधुनिक फुटपाथ और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि पूरे मार्ग पर बिजली की लाइनें अंडरग्राउंड की जाएंगी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा और सड़क का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित और सुंदर दिखाई देगा।

परियोजना में गणेश चौराहा से यूनिवर्सिटी चौराहा तक की कनेक्टिंग रोड को भी शामिल किया गया है। वहीं अलंकार ज्वेलर्स से एचपी स्कूल, डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहा तक पूरे मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

नगर निगम का दावा है कि स्मार्ट सड़क बनने के बाद अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी। वर्तमान में गोलघर से शास्त्री चौक तक स्मार्ट सड़क का कार्य पहले से चल रहा है। ऐसे में नई परियोजना जुड़ने के बाद पूरे गोलघर और आसपास के इलाके की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

शहर को मिलेगा डिजिटल हेल्थ और रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ

नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार परियोजना पर लगभग 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और निर्माण कार्य 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी को सड़क बनने के बाद अगले पांच वर्षों तक उसके रखरखाव और देखरेख की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

इसी बीच शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी बड़ी पहल की जा रही है। रिसर्च, मेडिकल और डिजिटल हेल्थ सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में नई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। आधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मरीजों को बेहतर इलाज और डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क, ट्रैफिक और स्वास्थ्य सुविधाओं में हो रहे लगातार सुधार से गोरखपुर तेजी से आधुनिक शहरी ढांचे की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में शहर पूर्वांचल के प्रमुख स्मार्ट और मेडिकल हब के रूप में अपनी नई पहचान बना सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें