मनीला/जनरल सैंटोस, 8 जून 2026। अरविन्द श्रीवास्तव | दक्षिणी फिलीपींस में सोमवार को आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप के बाद कई इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

भूकंप का केंद्र दक्षिणी फिलीपींस के समुद्री क्षेत्र में बताया जा रहा है। तेज झटकों को फिलीपींस के कई प्रांतों के साथ-साथ पड़ोसी क्षेत्रों में भी महसूस किया गया। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।

स्कूलों में मची अफरा-तफरी
सारंगानी प्रांत के ग्लान स्थित लुमिगो इंटीग्रेटेड स्कूल में भूकंप के दौरान भयावह दृश्य देखने को मिले। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कक्षाओं के अंदर छात्र और शिक्षक तेज झटकों के बीच सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं। कई बच्चे घबराकर रोने लगे, जबकि शिक्षक उन्हें शांत कराते हुए बाहर निकालते नजर आए।
दावाओ ऑक्सिडेंटल के महायाहाय एलीमेंट्री स्कूल में भी भूकंप के दौरान छात्रों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी छात्रों को खुले मैदान में पहुंचाया।

इमारतों को भारी नुकसान
भूकंप के कारण कई बहुमंजिला इमारतों में दरारें आ गईं और कुछ संरचनाएं आंशिक रूप से ढह गईं। जनरल सैंटोस शहर में एक व्यावसायिक परिसर और एक फास्ट फूड आउटलेट के हिस्से के गिरने की खबर सामने आई है। धूल के गुबार और मलबे के बीच लोग जान बचाने के लिए सड़कों पर भागते दिखाई दिए।
सोशल मीडिया पर एक 36 मंजिला इमारत के खतरनाक तरीके से झूलने का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

दादी ने बचाई पोते की जान
भूकंप के दौरान सामने आए एक सीसीटीवी वीडियो ने लोगों को भावुक कर दिया। वीडियो में एक बुजुर्ग महिला तेज झटकों के बीच अपने छोटे पोते को सीने से लगाकर उसकी सुरक्षा करती दिखाई दे रही है। राहत की बात यह रही कि दोनों सुरक्षित बच गए।
एयरपोर्ट संचालन प्रभावित
भूकंप के बाद जनरल सैंटोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने सुरक्षा कारणों से अपने संचालन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि रनवे, टर्मिनल भवन और अन्य उपकरणों की जांच की जा रही है। निरीक्षण पूरा होने तक उड़ानों पर रोक लगाई गई है।

सुनामी का भी बढ़ा खतरा
भूकंप के बाद इंडोनेशिया के उत्तरी गोरोंतालो क्षेत्र के तटीय इलाकों में समुद्र का पानी पीछे हटता देखा गया, जिससे सुनामी की आशंका बढ़ गई। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

130 से अधिक आफ्टरशॉक्स
भूकंप के बाद क्षेत्र में लगातार झटके महसूस किए जा रहे हैं। भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार अब तक 130 से अधिक आफ्टरशॉक्स रिकॉर्ड किए गए हैं, जिनमें कुछ की तीव्रता 6.7 तक रही। विशेषज्ञों ने लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

स्टेट ऑफ कैलैमिटी घोषित
बढ़ते नुकसान और राहत कार्यों को गति देने के लिए जनरल सैंटोस सिटी प्रशासन ने “स्टेट ऑफ कैलैमिटी” घोषित कर दिया है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।
फिलीपींस सरकार ने कहा है कि राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई इलाकों से अभी भी नुकसान की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है।

