July 30, 2026 2:14 am

रील का जुनून बना जानलेवा: राप्ती नदी में डूबे दो युवक, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

गोरखपुर। अरविन्द श्रीवास्तव  | सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र स्थित राप्ती नदी के करतहरी-बढ़या पीपा पुल पर शनिवार को रील बनाते समय दो युवक नदी में डूब गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रील बनाते हुए नदी में उतरे थे युवक

जानकारी के अनुसार सहजनवा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गाही गांव के कुछ युवक शनिवार सुबह बाइक से करतहरी-बढ़या पीपा पुल पहुंचे थे। यहां सभी युवक मोबाइल फोन से वीडियो और रील बना रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक राप्ती नदी में नहाने के लिए उतर गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

एक युवक का शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद एक युवक शिवम का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरे युवक की तलाश में जुटी SDRF

हादसे में डूबे दूसरे युवक जयहिंद उर्फ गोलू का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे खोज निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही गांव और परिवार में मातम पसर गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक शिवम के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं जयहिंद के परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में नदी किनारे डटे हुए हैं।

लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे हादसे

 

विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। नदियों, रेलवे ट्रैक, ऊंची इमारतों और खतरनाक स्थानों पर रील बनाने के दौरान दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

प्रशासन ने भी युवाओं से अपील की है कि लाइक और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें और खतरनाक स्थानों पर वीडियो बनाने से बचें।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें